राजनाथ सिंह, सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ सांसद, मंत्री, विधायक व पार्टी नेताओं ने जताया दु:ख
लखनऊ। भाजपा के वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन गोपाल का आज लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। 63 वर्षीय आशुतोष टंडन का निधन मेदांता अस्पताल में हुआ। आशुतोष टंडन के निधन से प्रदेश भाजपा में शोक की लहर है।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ सांसद, मंत्री, विधायक व पार्टी नेताओं ने गहरा दु:ख जताया है।
पूर्व मंत्री एवं विधायक का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए चौक स्थित उनके आवास पर रखा गया जहां पर हजारों कार्यकर्ताओं ने अंतिम दर्शन किए और श्रद्धा सुमन अर्पित किये। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वरिष्ठ भाजपा नेता नीरज सिंह व महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांसुमन अर्पित किए।
पूर्व मंत्री आशुतोष टंडन के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार गुलाला घाट पर किया गया।
आशुतोष टंडन के निधन के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर शोक जाहिर किया। उन्होंने ट्विीटर पर लिखा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और लखनऊ पूर्व के विधायक आशुतोष टंडन गोपाल जी के निधन से मुझे गहरा दु:ख हुआ। उनका राजनीतिक जीवन लखनऊवासियों की सेवा में समर्पित था।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने पोस्ट कर लिखा कि पूर्व मंत्री एवं लखनऊ पूर्व के विधायक आशुतोष टंडन गोपाल जी का निधन अत्यंत दु:खद है। एक जनप्रिय, कर्मठ व जुझारू राजनेता के रूप में वे सदैव याद किए जाएंगे। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने अपने शोक संदेश में कहा कि यह हमारी निजी क्षति है। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति में शून्यता आई है। मैं जो महसूस कर रहा हूं उन भावों को शब्दों से वर्णन नहीं कर सकता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।